पाली में नव नियुक्त सुपरवाइजर व बीएलओ को मिला गहन प्रशिक्षण, मतदाता सूची शुद्धता पर दिया गया जोर

पाली : पाली पंचायत समिति सभागार में सोमवार को निर्वाचन कार्यों को लेकर नव नियुक्त सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के जिन मतदान केंद्रों पर नए बूथ बनाए गए हैं, वहां नियुक्त सुपरवाइजर और बीएलओ को मास्टर ट्रेनर ओमप्रकाश कुमावत एवं जयपाल सिंह राठौड़ द्वारा गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में फॉर्म संख्या 6, 7, 8, 8-क एवं अंडरटेकिंग फॉर्म भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।

राणावत ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी स्वच्छ, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी बीएलओ से लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनिल नामा, रमेश अणकिया, सुरेश व्यास, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, सवाई सिंह राजपुरोहित, लोकेश दवे, मनोज कुमार रांगी, पारसराम, सुरेश चौधरी, अनिता पारिक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अनेक अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों को मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला, जिससे आगामी चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सकेगी।



