जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री की सख्ती, योजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

पाली : जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मंत्री ने एसडीआरएफ के कार्यों, पंच गौरव योजना के अंतर्गत वित्तीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों, बजट व्यय, मशीनरी क्रय तथा राजीविका योजना के तहत महिलाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों में प्राप्त नई व लंबित शिकायतों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग से प्रगतिरत सड़कों, अटल प्रगति पथ एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जवाई जल मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान लंबित नल कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा विभाग से मौसमी बीमारियों की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं वन एवं कृषि विभाग से लव-कुश वाटिका, बीज वितरण, तारबंदी एवं कृषि उपकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सुशासन सप्ताह के तहत प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग से यूनिफॉर्म, साइकिल वितरण एवं मिड-डे मील योजना की स्थिति की जानकारी लेते हुए भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच और रसोइयों को समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी को बकाया पट्टों के शीघ्र वितरण एवं वेस्ट प्लास्टिक निस्तारण के संबंध में निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किश्त भुगतान, मालिकाना हक एवं अन्य प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सीपा, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, पीडब्ल्यूडी से दिलीप परिहार, बिजली विभाग से मनीष माथुर, पुलिस विभाग से सुधड़ सिंह, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, रसद अधिकारी मनजीत सिंह, सांख्यिकी अधिकारी राजेश चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी तय समय सीमा में परिणाम दिखाएं।



