रणकपुर–जवाई बांध फेस्टिवल 2025 का भव्य समापन, संस्कृति, रोमांच और लोकसंगीत ने बांधा समां

पाली : मारवाड़–गोड़वाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पाली, पर्यटन विभाग राजस्थान एवं नगरपालिका सादड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय रणकपुर–जवाई बांध फेस्टिवल 2025 का सोमवार को रंगारंग और यादगार समापन हुआ। महोत्सव के दौरान देश-विदेश से आए पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीवों, लोकसंस्कृति और रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।

महोत्सव के अंतर्गत रणकपुर क्षेत्र में हॉट एयर बैलूनिंग आकर्षण का केंद्र रही, जहां सैलानी आसमान से प्राकृतिक नजारों को देखकर रोमांचित हो उठे। वहीं हेलीपैड ग्राउंड पर आयोजित विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं में पर्यटकों व स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम
महिला रस्साकस्सी प्रतियोगिता में सुमन, सोनल, सीता, रेशमा, आशवंती, लक्ष्मी, आकांक्षा, दीपिका, कंचन, ललिता व चम्पा की टीम प्रथम रही। पुरुष रस्साकस्सी में रमेशचंद परिहार, रानूसिंह, रामेश्वर फिरोदा, बाबूलाल माली, ललित माली, मुकेश देवासी, पप्पू कुमार, जावेद टांक, भंवरलाल, नकुल कश्यप व जीतू चौधरी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

मिस्टर गोड़वाड़ में प्रशांत वर्मा एवं मिस गोड़वाड़ में शारदा कुमार विजेता रहीं।
मूंछ प्रतियोगिता में विक्रमसिंह नरसिंह चौहान प्रथम, संदीप राठौड़ द्वितीय तथा पोकरलाल सोलंकी, धीरेन्द्र सिंह व देवा मारवाड़ी तृतीय स्थान पर रहे।
साफा बांध प्रतियोगिता में संजय मेंशन प्रथम, तेजवंत सिंह चौहान द्वितीय और डिकेन्द्र सिंह सिसोदिया, युधिष्ठिर चौहान व मादाराम तृतीय रहे।
चम्मच दौड़ में आदित्य सिंह प्रथम, रमेश द्वितीय और पदमिनी तृतीय रहीं।

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में राजकुमार सोनी प्रथम, शुभम सोनी द्वितीय और आदित्य कंसारा तृतीय रहे।
मटका दौड़ में गुणिता देसूरी प्रथम, कन्या सोनाणा द्वितीय और शारदा तृतीय रहीं। इसके अतिरिक्त भी कई मनोरंजक स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

फोटोग्राफी प्रदर्शनी बनी आकर्षण
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता में जिलेभर के फोटोग्राफरों ने प्राकृतिक सौंदर्य, वाइल्डलाइफ और सांस्कृतिक विषयों पर तस्वीरें प्रस्तुत कीं। चयनित फोटोग्राफ्स की प्रदर्शनी को दर्शकों ने खूब सराहा।

हॉर्स शो और पोलो ने बढ़ाया रोमांच
फेस्टिवल के दौरान आयोजित हॉर्स शो और हॉर्स पोलो प्रतियोगिता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सजे-धजे घोड़ों के करतबों पर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।

मामे खान के सुरों ने बांधा समापन समारोह
फेस्टिवल के अंतिम दिन सूर्य मंदिर के समीप आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोकगायक मामे खान की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। उन्होंने “पधारो म्हारे देश”, “केसरिया बालम”, “चमचम चमके चुनड़ी”, “वंदे मातरम” सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

गरिमामय उपस्थिति
समापन समारोह में पशुपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री, प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, बाली एडीएम शैलेन्द्र सिंह, उपखंड अधिकारी देसूरी सिद्धार्थ सांदू, पर्यटन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पर्यटक व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रणकपुर–जवाई बांध फेस्टिवल 2025 ने पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय पहचान को नई ऊंचाई देते हुए क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया।




