पाली में चलती ट्रेन से गिरने से संविदा कर्मचारी की मौत, बहन से मिलने आ रहे थे पाली

पाली : पाली जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा रोहट–केरला रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुआ, जब जोधपुर से पाली आ रहे यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोधपुर के प्रताप नगर स्थित इंद्रा कॉलोनी निवासी छगनलाल (55) पुत्र धनराज 23 दिसंबर को ट्रेन नंबर 14707 हनुमानगढ़–दादर एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान रोहट–केरला रेलवे स्टेशन के बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ट्रेन से गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घायल अवस्था में उन्हें तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि मृतक छगनलाल जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। वे अपनी बहन से मिलने के लिए पाली आ रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर फैल गई है।



