रेनबो पब्लिक स्कूल पाली में स्पोर्ट्स फेस्ट का भव्य समापन, एएसपी नरेंद्र देवड़ा ने विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन

पाली : नया गाँव स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल, पाली में बुधवार को आयोजित तीन दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट का भव्य क्लोजिंग सेरेमनी के साथ समापन हुआ। समारोह में खेल, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र देवड़ा, कालिका पेट्रोलियम महिला सुरक्षा बल की टीम, महिला सुरक्षा सहयोगी समिति के संस्थापक कुलदीप पंवार, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र आर्य, निदेशक राजेंद्र आर्य, सरोज आर्य व मनीषा आर्य द्वारा माँ सरस्वती के दीप प्रज्वलन से हुई। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा स्टूडेंट काउंसिल को स्पोर्ट्स ट्रॉफी प्रदान की गई तथा स्पोर्ट्स फेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के खेल प्रभारी शाहनवाज़ राठौड़ एवं दिव्या भट्ट ने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए जलेबी रेस, लेमन स्पून रेस, सैक रेस, रिले रेस, बैलून रेस, म्यूजिकल चेयर, खो-खो, कबड्डी, टग ऑफ वॉर, बैडमिंटन, बुक बैलेंसिंग, कोन बैलेंसिंग, फ्रॉग रेस, क्रॉसिंग रेस, बाइंडिंग-पेस्टिंग, कलेक्ट द कोन, थ्री लेग रेस और बॉल बिटवीन द लेग जैसी रोचक इंटर हाउस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
वहीं कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के लिए डॉज बॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टग ऑफ वॉर, 50 व 100 मीटर दौड़ और रिले रेस की प्रतियोगिताएं हुईं।

मुख्य अतिथि एएसपी नरेंद्र देवड़ा ने सभी प्रतिभागियों व विजयी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से बचाव, ट्रैफिक नियमों और पुलिस प्रशासन द्वारा विद्यार्थी हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के निदेशक राजेंद्र आर्य ने खेलों से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र आर्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और स्पोर्ट्स फेस्ट के औपचारिक समापन की घोषणा की।



