रणकपुर जैन मंदिर में चला स्वच्छता अभियान, पंच गौरव कार्यक्रम के तहत दिया “स्वच्छ पर्यटन” का संदेश

पाली : राज्य सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित पर्यटन स्थलों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार सुबह 9.30 से 10.15 बजे तक विश्वविख्यात रणकपुर जैन मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पर्यटन विभाग की उप निदेशक सरिता फिडौदा ने बताया कि यह स्वच्छता अभियान पर्यटन विभाग, नगरपालिका सादड़ी एवं रणकपुर जैन मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थल का संदेश देना रहा।
अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहभागियों ने “स्वच्छता ही सेवा” की शपथ ग्रहण करते हुए सप्ताह में कम से कम दो घंटे सार्वजनिक स्थलों की सफाई में योगदान देने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी ने मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर साफ-सफाई की।
स्वच्छता कार्यक्रम के माध्यम से रणकपुर जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों एवं पर्यटकों ने सराहा।



