दुजाना पीएचसी निर्माण में लापरवाही पर मंत्री कुमावत सख्त, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के दिए निर्देश

पाली : पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली जिले के प्रवास के दौरान बुधवार को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दुजाना में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बन रहे पीएचसी भवन का निरीक्षण करते हुए मंत्री कुमावत ने निर्माण कार्य में पाई गई खामियों पर गहरी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान दीवारों की तराई कम पाए जाने पर मंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

मंत्री कुमावत ने कहा कि दुजाना में बन रहा यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने निर्माण कार्य को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।



