पाली : दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरने पर 30 वर्षीय विवाहिता की मौत

पाली : पाली शहर में गुरुवार को एक हृदय विदारक हादसा सामने आया। साफ-सफाई के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे गिरने से 30 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ममता पत्नी चम्पालाल वैष्णव, निवासी पिंडवाड़ा (जिला सिरोही) के रूप में हुई है। ममता वर्तमान में पाली शहर के आदर्श नगर में अपनी बहन मीना वैष्णव के साथ रह रही थी। गुरुवार सुबह वह सूरजपोल क्षेत्र स्थित महावीर कॉम्पलेक्स में साफ-सफाई के काम के लिए गई थी।
बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर सफाई करते समय अचानक पैर फिसलने से ममता संतुलन नहीं संभाल पाई और जाली से होकर सीधे प्रथम तल पर गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, विशेषकर सिर में गहरी चोट लगी, जो मौत का कारण बनी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। मृतका की बॉडी देखकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार ममता के तीन छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



