
पाली : युवा शक्ति के उत्सव के रूप में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का गुरुवार को बांगड़ स्टेडियम, पाली में भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। लोकसभा स्तरीय इस महोत्सव में 13 खेलों की अंडर-19 पुरुष एवं महिला सहित विभिन्न आयु वर्ग की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महोत्सव में कैरम, बैडमिंटन, 100 व 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद, कबड्डी, लंगड़ी, फुटबॉल, क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी एवं रस्साकस्सी जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उनके उद्बोधन के पश्चात प्रतियोगिता के समापन की घोषणा कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा की गई, जबकि ध्वजारोहण सांसद पी.पी. चौधरी ने किया।

सांसद पी.पी. चौधरी ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाते हुए कहा कि खेल शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ रखते हैं और जीवन में अनुशासन सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप आयोजित सांसद खेल महोत्सव युवाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के ऐतिहासिक दिन प्रतियोगिताओं का समापन होना गौरव की बात है।

कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि मशीनरी युग में खेल मानसिक तनाव से मुक्ति का माध्यम हैं और युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने सुशासन दिवस की शपथ दिलाते हुए कहा कि खेलों में या तो व्यक्ति जीतता है या कुछ सीखता है।

समारोह में विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत (बाली), विधायक शोभा चौहान (सोजत), प्रदेश संयोजक सांसद खेल महेंद्र मेघवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, जिला खेल अधिकारी लेहरी दास वैष्णव, जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

खेल परिणामों में अंडर-19 पुरुष वर्ग में क्रिकेट में नाडोल विजेता रहा, वहीं महिला वर्ग में क्रिकेट में आना (बाली) ने बाजी मारी। हॉकी, कबड्डी, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों में भी जिलेभर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। अबोव अंडर-19 वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर नजर आया।





