google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशधार्मिकब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

इस्कॉन पाली में गौर निताई विग्रह स्थापना के दो वर्ष पूर्ण, कीर्तन-अभिषेक व भक्ति उल्लास से गूंजा परिसर

पाली : पाली जिले के बापू नगर विस्तार के पीछे स्थित अमरनाथ कॉलोनी में इस्कॉन केंद्र पाली में गौर निताई विग्रह स्थापना के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार, 25 दिसंबर 2025 को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

इस्कॉन पाली के कार्तिक कृष्ण प्रभु ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन से हुई। इसके पश्चात गौर निताई विग्रह का पंचतत्वों से अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान पूरा वातावरण “हरे कृष्ण… हरि बोल… गौर निताई” के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान इस्कॉन पाली द्वारा वर्षभर आयोजित किए गए धार्मिक आयोजनों की झलकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें गौर पूर्णिमा, श्री चैतन्य महाप्रभु महोत्सव, होली, रामनवमी, अक्षय तृतीया-चंदन यात्रा, नृसिंह चतुर्दशी, निर्जला एकादशी, जगन्नाथ रथ यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, राधाष्टमी, शरद पूर्णिमा, दीपदान महोत्सव, हर घर दीप, दीपावली, गोवर्धन पूजा, मोक्षदा एकादशी, गीता जयंती, श्रीमद् भगवद् गीता मैराथन सहित वृंदावन एवं अन्य स्थानों से पधारे महाराजों के प्रवचनों की झलक शामिल रही। इन प्रस्तुतियों को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे।

इसके पश्चात श्री गौर निताई एवं श्री राधा गोविंदजी को 56 भोग अर्पित किए गए। भक्तों ने घरों में बने विविध व्यंजन ठाकुरजी को अर्पित किए, जिसके बाद भव्य आरती संपन्न हुई।
कार्यक्रम में नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से श्रीमद् भगवद् गीता के संदेश, उसके महत्व और वितरण को रोचक संवादों के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने सराहा।

इस्कॉन पाली के अध्यक्ष कार्तिक कृष्ण दास प्रभु ने विग्रह सेवा, विग्रह के प्रति प्रेम, भाव एवं श्रद्धा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विग्रह सेवा भक्त और भगवान के बीच भावनात्मक संबंध को सुदृढ़ करती है।

समापन अवसर पर हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन पर भक्त नाचते-झूमते हुए भक्ति आनंद में लीन हो गए। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस प्रकार इस्कॉन पाली के इस आयोजन में विग्रह (मूर्ति) की महत्ता, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संदेश भक्तों तक पहुंचा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button