निर्वाचक सूची गहन पुनरीक्षण को लेकर पाली में बैठक, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पर डीएलएमटी को मिले सख्त निर्देश

पाली : निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि के दौरान नाम सम्मिलित कराने से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर शुक्रवार को निर्वाचन कार्यालय पाली में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोजत, पाली एवं मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्रों के डीएलएमटी सहयोगियों को विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निर्वाचन शाखा के जितेंद्र जैन ने बताया कि निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिन मामलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उनमें पात्रता सिद्ध करने हेतु आयोग द्वारा निर्धारित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों में पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दर्ज मैपिंग से संबंधित अभिलेख भी शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत सभी दस्तावेजों को बीएलओ ऐप के माध्यम से अपलोड किया जाएगा, जिनकी जांच ईआरओ स्तर पर की जाएगी। दस्तावेजों का सत्यापन जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से संबंधित जारीकर्ता अधिकारियों से ईसीआई-नेट पोर्टल पर दस्तावेज प्राप्त होने की तिथि से पांच दिवस की समयावधि में कराया जाएगा।

यदि कोई दस्तावेज राज्य के भीतर किसी अन्य जिले के सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया है, तो उसे ईसीआई-नेट के माध्यम से संबंधित जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी को सत्यापन के लिए भेजा जाएगा और सत्यापन उपरांत मूल जिले को लौटाया जाएगा। वहीं, राज्य के बाहर जारी दस्तावेजों के मामलों में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से संबंधित राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को तत्काल सत्यापन हेतु प्रेषित किया जाएगा। जिन दस्तावेजों का सत्यापन ऑनलाइन संभव है, उनका सत्यापन उसी माध्यम से किया जाएगा।
जितेंद्र जैन ने यह भी बताया कि आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए निर्धारित सभी मान्य दस्तावेजों तथा उनके सत्यापन हेतु सक्षम जारीकर्ता अथवा अधिकृत अधिकारियों की सूची संबंधित कार्यालयों को संदर्भ हेतु उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने सभी उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त कार्मिकों को आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में तुलसीराम, हेमंत दवे, बसंत जोशी एवं विशाल श्रीवास्तव सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



