सरकार के दो वर्ष पूरे, पाली जिले में गांव-गांव पहुंचा विकास रथ, योजनाओं की जानकारी से जागरूक हुआ ग्रामीण जन

पाली : राज्य सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पाली जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ जागरूकता वाहनों के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्रामवार आमजन को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

विकास रथों के माध्यम से ग्रामीणों, जरूरतमंदों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया गया। रथों में लगी एलईडी वॉल के जरिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रसारित की गई। साथ ही मौके पर मौजूद नागरिकों को सरकार द्वारा प्रकाशित पोस्टर, फोल्डर, बुकलेट एवं विधानसभा-वार पुस्तिकाएं वितरित कर योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस दौरान सोजत विधानसभा क्षेत्र के रायपुर उपखंड अंतर्गत लिलाम्बा, आकेली, कुशालपुरा, झुंठा एवं पिपलिया कलां गांवों में विकास रथ संचालित किए गए। वहीं पाली विधानसभा क्षेत्र के रोहट उपखंड के गेलावास, दिवांदी, धोलेरिया शासन एवं खुण्डाला के आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के खैरवा, लाम्बिया, बाणियावास एवं बोमादड़ा गांवों में भी विकास रथ पहुंचा। इसके अतिरिक्त मारवाड़ जंक्शन विधानसभा क्षेत्र के रानी उपखंड में कुन्दनमल कॉलोनी, केरली, सांवलता, पिलोवनी, खिंवाड़ा एवं गजनीपुरा गांवों तथा बाली विधानसभा क्षेत्र के दादाई, कोटड़ी, ढालोप, सिन्दरली, बडोद, मौरखा, मादा, माण्डीगढ़, गुड़ा जाटान, आना एवं नाडोल गांवों में भी जागरूकता रथ के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं में पंजीकरण एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
विकास रथ कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना और जनकल्याण को मजबूती देना बताया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए योजनाओं की जानकारी मिलने पर संतोष व्यक्त किया।




