विकास रथ यात्रा का सुमेरपुर में समापन, मंत्री कुमावत बोले— मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई राह पर

पाली : राज्य सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में संचालित ‘विकास रथ यात्रा’ शनिवार को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने अंतिम चरण में पहुंची। यात्रा ने ग्राम पंचायत भांगेसर, सांपा, हेमावास और सोनाईमांझी में दस्तक दी, जहां ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक विकास रथ का स्वागत किया।
कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार की प्राथमिकता विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
मंत्री कुमावत ने कहा कि पंचायतों के पुनर्गठन और दायरा छोटा होने से अब ग्रामीणों को अपने कार्यों के लिए मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की घोषणाओं में से दो वर्षों में ही लगभग 73 प्रतिशत कार्य पूरे किए जा चुके हैं। किसानों को अब सम्मान निधि के तहत 9,000 रुपये की सहायता मिल रही है, वहीं खाद्य सुरक्षा पोर्टल खोलकर करीब 70 लाख नए परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धरातल पर आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। विकास रथ यात्रा के माध्यम से योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों से संबंधित साहित्य का वितरण भी किया गया, जिससे ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ लेने की प्रक्रिया को समझा।
इस अवसर पर पूनम सिंह परमार, भंवर चौधरी (किसान केसरी व पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि), नवल किशोर शर्मा (पूर्व उप जिला प्रमुख), पुखराज पटेल (पूर्व प्रधान प्रतिनिधि), भांगेसर सरपंच हबीब खान, उप सरपंच मदन सिंह, अर्जुन सिंह, पुष्पेंद्र भांगेसर, भीमाराम देवासी, भेराराम देवासी, हरिकिशन, मंगलाराम गुर्जर, गणेशराम हीरागर, कासम खान, मुकेश मोदी, शंकर सिंह राजपुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं रथ प्रभारी उपस्थित रहे। विकास रथ यात्रा के समापन अवसर पर ग्रामीणों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए इसे सुशासन और विकास का प्रभावी माध्यम बताया।



