सरस्वती विद्या मंदिर के 1998 व 2000 बैच का भव्य रियूनियन, पूर्व विद्यार्थियों ने स्कूल विकास हेतु दिए ₹2.51 लाख

पाली : सरस्वती विद्या मंदिर के सन 1998 एवं 2000 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का भव्य रियूनियन समारोह उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच आयोजित हुआ। इस आयोजन में देश-विदेश में विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत पूर्व छात्रों ने भाग लेकर अपनी यादें ताजा कीं।
विद्यार्थी यूनियन के अध्यक्ष प्रीतेश बुरड़ ने बताया कि इस रियूनियन को सफल बनाने के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सभी पूर्व विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजा गया, जिसके परिणामस्वरूप निर्धारित समय पर सुबह 9 बजे सभी पूर्व छात्र विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय के विकास कार्यों के लिए ₹2 लाख 51 हजार की सहयोग राशि भेंट कर गुरु-ऋण चुकाने का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित पूर्व छात्र मनीष परमार, जो वर्तमान में इसरो में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं पूर्व छात्र सुरेन्द्र पटेल, जो अमेरिका में डॉक्टर हैं, भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर अपने विचार साझा किए और सभी साथियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के संयोजक मांगीलाल पटेल ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में अक्षय भंडारी, अरुण पोरवाल, पंकज लोढ़ा, गौतम जैन, पंकज मरलेचा, संगीता जैन, प्रियंका बोहरा, मोनिका मेडतवाल, विकास सियाल, धनपत मुनोत, मुकेश लसोड़, अमित मगनानी, मनीषा, राजेश, गौरव सहित अनेक पूर्व विद्यार्थियों का पिछले एक वर्ष से सक्रिय सहयोग रहा।

रियूनियन के दौरान विद्यालय के पुराने अध्यापकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया, जिससे माहौल भावुक हो उठा। विद्यालय परिवार की ओर से भागीरथ, चंदनसिंह, महावीर सालेचा एवं प्राध्यापक लादूराम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पुराने मित्रों के आपसी संवाद, स्मृतियों के साझा करने और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।




