निजी बसों पर सख्ती: 31 दिसंबर तक छत के कैरियर व सीढ़ियां हटाने का अल्टीमेटम, 1 जनवरी से कार्रवाई

पाली : जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने जिले के सभी निजी बस मालिकों, संचालकों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपनी बसों की छतों पर लगे कैरियर तथा ऊपर चढ़ने के लिए लगी सीढ़ियों को 31 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से हटा लें। इसके लिए संबंधित पक्षों को तीन दिवस की समय-सीमा दी गई है।
परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद 1 जनवरी 2026 से सघन प्रवर्तन कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस दौरान यदि किसी बस में छत पर कैरियर या सीढ़ियां पाई गईं तो नियमों के उल्लंघन में चालान काटने के साथ बस को सीज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुछ निजी बस संचालकों द्वारा बसों की छतों पर यात्रियों को बैठाया जा रहा है या भारी सामान लादा जा रहा है, जो सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर एवं खतरनाक है। इस तरह की लापरवाही से दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
परिवहन अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है। ओवरलोडिंग एवं ओवरक्राउडिंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी बस संचालकों से नियमों की पालना करते हुए समय रहते कैरियर और सीढ़ियां हटाने की अपील की है, जिससे किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।



