google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में तम्बाकू मुक्त अभियान तेज, युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर

पाली : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिले में “तम्बाकू मुक्त अभियान” को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को तम्बाकू उत्पादों से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा तम्बाकू सेवन करने वालों को इससे छुटकारा दिलाने के लिए प्रेरित करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि पाली जिले में जिला इकाई द्वारा विभिन्न स्तरों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण सत्र और परामर्श गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र, पाली के सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में तम्बाकू मुक्ति केंद्र के साइकॉलोजिस्ट के.सी. सैनी ने तम्बाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और असमय मृत्यु जैसे गंभीर खतरों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे ओपीडी में आने वाले प्रत्येक मरीज से तम्बाकू सेवन के बारे में अवश्य पूछें और सेवन करने वालों को प्रभावी परामर्श, सकारात्मक स्वास्थ्य लाभों की जानकारी तथा आवश्यकता अनुसार एन.आर.टी. थैरेपी उपलब्ध कराएं। साथ ही ऐसे मरीजों को जिला मुख्यालय पर संचालित तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्र पर रैफर करने का भी आह्वान किया।

सीएमएचओ डॉ. मारवाल ने बताया कि जिले में सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम-2003 का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिनियम का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों व व्यक्तियों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जा रहा है। उन्होंने युवाओं से तम्बाकू से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान “तम्बाकू से तबाही तय है – इससे बचें, जिंदगी चुनो तम्बाकू नहीं” टैगलाइन पर विशेष चर्चा की गई और सभी स्वास्थ्य केंद्र परिसरों को तम्बाकू मुक्त परिसर बनाने का संकल्प दिलाया गया। अंत में उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को जीवनभर तम्बाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।

जागरूकता कार्यक्रम में एनएचएम जिला कार्यक्रम अधिकारी भवानी सिंह, जिला लेखा अधिकारी प्रवीण कुमार राणासरिया, जिला आशा समन्वयक कुलदीप गोस्वामी, नर्सिंग प्रशिक्षक पारसमल कुमावत, भूपेन्द्र कुमार बोस सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button