पाली में नारी शक्ति प्रशिक्षण योजना के तहत कम्प्यूटर ज्ञान केन्द्रों का औचक निरीक्षण, प्रशिक्षण गुणवत्ता पर जताया संतोष

पाली : राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को जिले में संचालित कम्प्यूटर ज्ञान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
उपनिदेशक महिला अधिकारिता भागीरथ के निर्देशानुसार पर्यवेक्षक महिला अधिकारिता पिंकी मीणा ने जिले के विभिन्न कम्प्यूटर ज्ञान केन्द्रों का निरीक्षण किया। साथ ही सभी ब्लॉकों में पर्यवेक्षकों एवं प्रचेताओं द्वारा केन्द्रों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य केन्द्रों में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रशिक्षणार्थी महिलाओं एवं बालिकाओं को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करना रहा। इस दौरान कम्प्यूटर लैब, इंटरनेट कनेक्टिविटी, सॉफ्टवेयर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की जांच की गई, जिन पर संतोष व्यक्त किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से संवाद कर प्रत्यक्ष फीडबैक लिया गया। छात्राओं ने केन्द्रों में उपलब्ध शिक्षण वातावरण एवं फैकल्टी की शिक्षण पद्धतियों की सराहना की। पर्यवेक्षक पिंकी मीणा ने बताया कि योजना के अंतर्गत 16 से 40 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क कम्प्यूटर बेसिक, अकाउंटिंग एवं इंग्लिश स्पोकन जैसे रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण महिलाएं एवं बालिकाएं आई.टी. ज्ञान केन्द्र अथवा ई-मित्र के माध्यम से आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। योजना का उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।



