google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली के शनिधाम से नशा मुक्ति का संकल्प, दाती महाराज के सानिध्य में समाज उत्थान के बड़े फैसले

पाली : पाली के समीप गोल निम्बरा स्थित प्रसिद्ध शनिधाम में दाती सेवा संस्थान के तत्वावधान में नशा मुक्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक दाती महाराज के सानिध्य में संपन्न हुई, जिसमें नट, भाट एवं वादी समाज के जोधपुर संभाग के सभी जिलों से समाजबंधुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर परमहंस दाती महाराज ने नशे को समाज के लिए सबसे बड़ा अभिशाप बताते हुए कहा कि “नशा नाश की जड़ है, इसे समाज से समूल नष्ट करना होगा।” उन्होंने नट, भाट और वादी समाज द्वारा नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए समाज को आशीर्वाद दिया और कहा कि नशा मुक्त समाज ही सशक्त और संस्कारित समाज की नींव रख सकता है।

बैठक में समाज उत्थान को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। नट, भाट एवं वादी समाज ने 20 जरूरतमंद बेटियों के सामूहिक विवाह सम्मेलन का निर्णय लिया, जिसका संपूर्ण खर्च समाज स्वयं वहन करेगा। इसके साथ ही पाली एवं मारवाड़ जंक्शन में समाज के भवन एवं छात्रावास निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने का भी निर्णय लिया गया।

नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बैठक में वादी युवा संगठन के गठन की घोषणा की गई। यह संगठन समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

दाती सेवा संस्थान द्वारा समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पाली में 50×50 फीट का भूखंड क्रय किया गया है। इस भूखंड पर नट, भाट एवं वादी समाज के बच्चों के लिए विद्यालय एवं छात्रावास का निर्माण किया जाएगा, जिससे शिक्षा के माध्यम से समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

दाती महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की संप्रभुता और सामाजिक मजबूती बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। उन्होंने शिक्षा को व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा न केवल ज्ञान और कौशल प्रदान करती है, बल्कि नैतिकता, जिम्मेदारी, आलोचनात्मक सोच और सामाजिक दायित्व की भावना भी विकसित करती है।

बैठक के अंत में समाज को नशा मुक्त, शिक्षित और संगठित बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button