बांगड़ कॉलेज के प्रोफेसर पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पीड़िता के परिजनों ने एसपी व कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पाली : जिला मुख्यालय स्थित बांगड़ कॉलेज में कार्यरत एक प्रोफेसर पर विवाहिता महिला के साथ मारपीट के गंभीर आरोपों को लेकर पीड़िता के परिजन शुक्रवार को जिला प्रशासन के दरवाजे पर पहुंचे। परिजनों ने जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर श्यामलाल ने विवाहिता महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में संबंधित थाने में मामला दर्ज करवाया गया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली होने के कारण पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़िता के परिजनों ने कहा कि प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव के चलते मामले के तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है और अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत के भी आरोप लगाए।
परिवारजनों ने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की पुनः निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाई जाए तथा पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए। ज्ञापन सौंपते समय परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। मामले ने जिला मुख्यालय पर चर्चा का विषय बना लिया है और लोग निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



