अनुजा निगम अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नायक का पाली दौरा, ऋण व स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

पाली : राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग (अनुजा निगम) के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार नायक ने शुक्रवार को पाली का दौरा कर अनुसूचित जाति, जनजाति एवं सफाई कर्मचारी वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पाली सर्किट हाउस में अनुजा निगम, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र तथा राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में अध्यक्ष नायक ने विभिन्न ऋण योजनाओं एवं स्वरोजगार कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अध्यक्ष नायक ने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अन्य लक्षित वर्गों का आर्थिक सशक्तिकरण करना है। उन्होंने ऋण वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके साथ ही अधिक से अधिक जन-जागरूकता शिविर आयोजित कर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

इसके पश्चात अध्यक्ष नायक ने जिला कलेक्टर कक्ष में जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर जिले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक समन्वय पर भी चर्चा की गई।



