पाली में शुरू हुआ “सड़क सुरक्षा मित्र” अभियान, युवाओं को बनाया जाएगा सड़क सुरक्षा का ब्रांड एंबेसडर

पाली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “सड़क सुरक्षा मित्र” एक्सपीरिएंसल लर्निंग प्रोग्राम का शुभारंभ राजकीय बांगड़ महाविद्यालय, पाली में किया गया।
जिला युवा अधिकारी राजेन्द्र जाखड़ ने बताया कि वर्ष 2022 के आंकड़ों के अनुसार पाली जिला देश के उन 100 जिलों में शामिल है, जहां सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मृत्यु हुई है। सड़क हादसों में युवाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए और युवा शक्ति के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

कार्यक्रम के अंतर्गत परिवहन विभाग की परिवहन निरीक्षक मीनाक्षी कैथरीन द्वारा सड़क सुरक्षा मित्रों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन प्रदान किया गया। उन्होंने सड़क सुरक्षा मानकों, दुर्घटनाओं की रोकथाम, जोखिम न्यूनीकरण तथा सुरक्षित भविष्य विषय पर विस्तार से जानकारी दी।
परिवहन निरीक्षक दलपत सिंह ने युवाओं से संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात अनुशासन तथा गुड सेमेरिटन योजना की जानकारी देते हुए संकट में घायल की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजकीय बांगड़ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने युवाओं से अपील की कि वे “सड़क सुरक्षा मित्र” बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी रामेश्वरलाल चौधरी, माय भारत से भंवर सिंह राजपुरोहित सहित एनसीसी, एनएसएस, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं माय भारत से जुड़े 40 से अधिक युवा उपस्थित रहे।



