स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी तेज, सोजत में शुरू हुआ “सुरंगो सोजत अभियान”

पाली : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नगर को उच्च रैंकिंग दिलाने एवं नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगरपालिका सोजत द्वारा “सुरंगो सोजत अभियान” का शुभारंभ किया गया है। अभियान के तहत नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं सख्त निगरानी की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत सीएंडडी वेस्ट हटाने, सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई तथा सोशल मीडिया के माध्यम से स्वच्छता संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगरपालिका द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
ये टीमें वार्ड संख्या 01 से 40 तक दुकानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण, समझाइश, फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण एवं स्वच्छ भारत पोर्टल पर अपलोडिंग का कार्य करेंगी। नगर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य मार्गों से सीएंडडी वेस्ट, अवैध विज्ञापन और कचरा हटाने के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त प्रतिबंध लागू किया जाएगा। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगरपालिका द्वारा 04 पुरुष एवं 04 महिला स्वच्छता चैंपियन भी घोषित किए जाएंगे, जिन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही स्वच्छता से संबंधित कार्यशालाएं एवं मेडिकल शिविर आयोजित कर आमजन को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के प्रचार हेतु सोशल मीडिया, होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, स्थानीय समाचार पत्रों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता फैलाई जाएगी।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने बताया कि विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान, जगदीश लाल, हितेश सोनी, नागेंद्र सिंह तंवर, चंद्रशेखर श्रीमाली, नितिज्ञा सीरवी, पूनम चंद, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर दिनेश उज्जवल, गोविंद चौहान सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे “सुरंगो सोजत अभियान” में सक्रिय सहभागिता निभाएं और सोजत को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर बनाने में सहयोग करें।



