शीत लहर का असर, पाली में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की 6 से 8 जनवरी तक छुट्टी घोषित

पाली : जिले में जारी भीषण शीत लहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि कक्षा 6 से ऊपर की सभी कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी तथा विद्यालय खुले रहेंगे। यह आदेश जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवकाश अवधि के दौरान विद्यालयों के सभी शिक्षक एवं अन्य कार्मिक नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे और शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य यथावत जारी रहेंगे। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



