एक भी पात्र मतदाता न छूटे, पाली में सभी मतदान केंद्रों पर लगे विशेष क्लस्टर कैंप

पाली : निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” की संकल्पना को साकार करने के लिए मंगलवार को निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर क्लस्टर कैंपों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित एवं मुख्यधारा से वंचित वर्गों को मतदाता सूची से जोड़ना है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत समावेशी मतदाता पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत ऐसे सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है, जो अब तक किसी कारणवश पंजीकरण से वंचित रह गए थे।

क्लस्टर कैंपों के माध्यम से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवा एवं महिला मतदाता, विशेष योग्यजन, ट्रांसजेंडर समुदाय, घुमंतु व अर्ध-घुमंतु वर्ग तथा विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों को स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ललित कुमार दवे, सुरेश व्यास, अनिल नामा, रमेश कुमार अणकिया, मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन, लोकेश दवे, मनोज कुमार रांगी, आशीष चौधरी, पारसराम, अनिता पारीक सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।




