google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में प्रदूषण पर सख्ती, सीईटीपी पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश, अवैध इकाइयों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पाली : भारत के सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय की रिपोर्ट की अनुपालना में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सीईटीपी (कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सीईटीपी को पूर्ण क्षमता के साथ प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को प्रदूषित पानी की अवैध निकासी पर कड़ी निगरानी रखने, अवैध पाइपलाइनों को तत्काल उखाड़ने तथा दोषी औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध पुलिस प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीईटीपी इकाइयों की स्वयं जांच, जेएलडी संचालन सुनिश्चित करने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित अनाधिकृत औद्योगिक इकाइयों को तत्काल बंद कराने के आदेश दिए।

कृषि भूमि पर संचालित अवैध औद्योगिक गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की जांच उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा की जाए, जबकि नगर निगम क्षेत्र में यह जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। कृषि भूमि पर अवैध औद्योगिक गतिविधि पाए जाने पर संबंधित इकाई को तुरंत बंद कर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रदूषित पानी के अनाधिकृत परिवहन पर रोक लगाने के लिए टैंकरों व ट्रैक्टरों की गश्त के दौरान पुलिस एवं प्रदूषण नियंत्रण मण्डल को सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बांडी नदी पुलिया से हाईवे तक पुराने एवं नए नक्शों का मिलान करने के लिए समिति गठित कर जांच करवाने के आदेश दिए गए।

जिला कलक्टर ने नदी के किनारे एवं नदी से एक किलोमीटर की परिधि में भू-राजस्व विभाग द्वारा सर्वे कर भूमिगत जल के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि रीको क्षेत्र के नालों में किसी भी स्थिति में औद्योगिक प्रदूषित पानी नहीं जाए, और यदि ऐसा पाया जाता है तो तत्काल प्रदूषण नियंत्रण मण्डल बोर्ड को सूचना देकर कार्रवाई की जाए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग ओम प्रभा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सापा, उपखण्ड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, प्रदूषण नियंत्रण मण्डल अधिकारी अमित सोनी, जलदाय विभाग के कानसिंह राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, पुलिस विभाग से सुघाड़ सिंह, सीईटीपी अध्यक्ष अशोक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button