राजस्थान डिजिफेस्ट–2026 में पाली का परचम: एआई हैकाथॉन में ‘ग्रीन लोटस’ टीम ने जीता पहला पुरस्कार

पाली : जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित राजस्थान डिजिफेस्ट–2026 के अंतर्गत टीआईई ग्लोबल समिट के दौरान आयोजित 36 घंटे के एआई हैकाथॉन में पाली जिले की टीम ‘ग्रीन लोटस’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया।
5 जनवरी से शुरू हुए इस हैकाथॉन में राज्यभर से स्टार्टअप्स, युवा डेवलपर्स, उद्यमी तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधिकारियों और कार्मिकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को चार विभिन्न श्रेणियों में विभाजित समस्या-वक्तव्यों पर नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
श्रेणी–3 “कृषि, स्वास्थ्य एवं फील्ड इंटेलिजेंस के लिए एआई” में पाली की टीम ग्रीन लोटस ने कृषि आधारित एआई समाधान प्रस्तुत कर निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। यह टीम आईटी एंड कम्युनिकेशन विभाग, पाली के संयुक्त निदेशक राजेश चौधरी के मार्गदर्शन में सोजत के प्रोग्रामर अंशुमाली पाराशर द्वारा गठित की गई थी।

टीम में प्रधुमन सिंह खिची (बाली), बुद्धि प्रकाश (करौली), राजेश बगारिया (उदयपुर – खान विभाग) तथा छविश बाकोलिया (करौली) शामिल रहे। टीम द्वारा प्रस्तुत समाधान किसानों की गिरदावरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने तथा फसल बीमा क्लेम के त्वरित निस्तारण पर केंद्रित है।
एआई आधारित इस नवाचार में सैटेलाइट से प्राप्त मल्टी-टेम्पोरल डेटा का उपयोग कर प्रत्येक खसरा स्तर पर गिरदावरी संभव बनाई गई है, जिससे राजस्व अधिकारियों को कार्य में सुविधा मिलेगी और किसानों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
यह एआई हैकाथॉन न केवल तकनीकी नवाचार का मंच बना, बल्कि स्टार्टअप्स के लिए एक मजबूत फीडर इकोसिस्टम के रूप में भी उभरा। विशेष बात यह रही कि पहली बार सरकारी कर्मचारियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु एआई नवाचार विकसित करने का अवसर मिला, जिसे राजस्थान के डिजिटल भविष्य की दिशा में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।



