पाली में बड़ा हादसा टला: एनएच-163 पर चलते-चलते पलटा जौ से भरा ट्रक, ड्राइवर घायल, वीडियो वायरल

पाली : पाली जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे-163 पर गुंदोज चौकी क्षेत्र के डिंगाई पुल के पास दोपहर करीब 12:30 बजे जौ से भरा एक ट्रक चलते-चलते अचानक पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरी जौ की बोरियां हाईवे किनारे बिखर गईं।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे ट्रक के पीछे चल रहे एक युवक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रक लहराते हुए आगे बढ़ता है और कुछ ही दूरी पर जाकर असंतुलित होकर पलट जाता है। गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रक के आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गुंदोज चौकी प्रभारी समुंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना या नशे की हालत में वाहन चलाना प्रतीत हो रहा है, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रक पाली से गुंदोज की ओर जा रहा था।
हादसे के बाद हाईवे पर जौ की बोरियां फैल जाने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को हटवाया और बिखरे सामान को किनारे कराकर यातायात को पुनः सुचारू किया।



