google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार की दिशा में बड़ा कदम, सीएचओ के लिए तीन दिवसीय सर्विस प्रोवाइडर ट्रेनिंग संपन्न

पाली : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय सर्विस प्रोवाइडर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) शामिल हुए। यह प्रशिक्षण सोमवार से प्रारंभ होकर बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय प्रशिक्षक विजय कुमार शर्मा एवं मनोज कुमार द्वारा विभिन्न सत्रों में गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत चिकित्सा संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, मरीज संतुष्टि, सेवा प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने तथा प्रभावी दस्तावेजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

प्रशिक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक भवानी सिंह, ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर कमल गेहलोत एवं जिला आशा समन्वयक कुलदीप गोस्वामी ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया और अपने व्यावहारिक अनुभव साझा किए।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन बुधवार को सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने उपस्थित सभी सीएचओ को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी निजी अस्पतालों की तरह उच्च गुणवत्ता की सेवाएं प्रदान करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर चिकित्सा सेवाओं को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया जाए।

तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी, व्यवहारिक एवं लाभकारी बताते हुए भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निरंतरता पर बल दिया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button