google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली का रोवर-रेंजर दल राष्ट्रीय जंबूरी के लिए रवाना, छत्तीसगढ़ में दिखेगी मारवाड़ की झलक

पाली : भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में 9 से 13 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आयोजित होने जा रही प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में भाग लेने के लिए पाली जिले का रोवर-रेंजर दल रवाना हो गया है।

सी.ओ. स्काउट गोविंद मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जंबूरी रोवर-रेंजरों के लिए ऐतिहासिक अवसर है, क्योंकि पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस आयोजन में देशभर से 15 हजार से अधिक युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान साहसिक गतिविधियां, युवा संसद, कौशल विकास सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विभिन्न एकल एवं संयुक्त प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

सी.ओ. गाइड डिंपल दवे ने बताया कि पाली जिला राजस्थान प्रदेश का सबसे बड़ा रोवर-रेंजर दल लेकर इस जंबूरी में शामिल हो रहा है। जिले से 30 रेंजर एवं 42 रोवर सहित कुल 72 प्रतिभागी राष्ट्रीय जंबूरी में भाग लेंगे। रेंजर वर्ग का नेतृत्व सहायक लीडर ट्रेनर उर्मिला यति एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय की रेंजर लीडर रवीना गोयल कर रही हैं, जबकि रोवर समूह का प्रतिनिधित्व स्थानीय संघ रोहट के सचिव दौलत सिंह करेंगे। जिले के बैंड दल का नेतृत्व लीडर ट्रेनर स्काउट आलोक शर्मा द्वारा किया जाएगा।

पाली जिले का दल 9 जनवरी को प्रातः जंबूरी स्थल पर पहुंचकर उद्घाटन समारोह में भाग लेगा और प्रतियोगिताओं की तैयारियां प्रारंभ करेगा। इस जंबूरी में चंद्राज पब्लिक स्कूल, सोजत रोड का बैंड दल राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति देगा।

जंबूरी के दौरान रोवर-रेंजर राजस्थान एवं मारवाड़ की संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान और प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पाली जिले की पहचान को सशक्त करेंगे। जिला मुख्यालय से दल की रवानगी के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं आदर्श ओपन रोवर क्रू के रोवर-रेंजरों को माला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button