बांगड़ पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

पाली : राजकीय बांगड़ पी.जी. महाविद्यालय, पाली में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र योजना के अंतर्गत एनसीसी एवं एनएसएस के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति विषय पर व्याख्यान एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य वक्ता के रूप में राजकीय बांगड़ चिकित्सालय, पाली के एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. सुथार ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उनकी टीम के सदस्य डॉ. चंद्रकांत शर्मा एवं डॉ. बादल सिंह खंगारोत ने सीपीआर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में इसके महत्व को समझाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
पोस्टर प्रतियोगिता में युवराज भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 1500 रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि शालिनी सिंगाड़िया द्वितीय और नीतू तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में एनएसएस एवं एनसीसी स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में डॉ. रविंद्र सिंह, नई किरण नशा मुक्ति केंद्र योजना के प्रभारी गणेश राम, मंजु देवासी, एनसीसी प्रभारी रामेश्वरलाल, एनएसएस प्रभारी मनीष लोठ एवं गोमाराम सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।



