पाली में नशा मुक्त भारत अभियान को मिली नई ताकत, विधिक साक्षरता शिविर में दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ

पाली : माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी के नेतृत्व में पीएम श्री राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान से संबंधित पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष कपिल अरोड़ा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए अभियान की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विक्रम सिंह भाटी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित “नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशे का उन्मूलन” योजना की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रिंकू ने प्रथम, मोनिका ने द्वितीय एवं जास्मिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी राहुल राजपुरोहित, राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य बसंत परिहार, समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष कपिल अरोड़ा, विजय लक्ष्मी अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह, मांगीलाल तंवर (अधिकार मित्र) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



