पाली में कबड्डी का महादंगल: 100 टीमों की टक्कर, 10 हजार मैचों के राष्ट्रीय लक्ष्य के साथ होगा आगाज

पाली : पाली शहर के बांगड़ कॉलेज मैदान पर शनिवार सुबह 10 बजे खेल कबड्डी–खेल कबड्डी दंगल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा भारती, पाली द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक खेल कबड्डी को बढ़ावा देना, बच्चों व युवाओं को खेलों से जोड़ना तथा कबड्डी को ओलंपिक खेलों में शामिल कराने की दिशा में जन-जागरूकता पैदा करना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य वक्ता योगेन्द्र कुमार सिंह (क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख) होंगे, जबकि मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत रहेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी एवं फगलूराम बिश्नोई (बिश्नोई महासभा, पाली) होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सैयद रज़्ज़ाक अली (जिला उद्योग केंद्र) करेंगे। आयोजन रघुनंदन शर्मा, मैनेजर यूनिट, बा रक्षा भारत के सान्निध्य में संपन्न होगा।
पाली क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष लहरी दास वैष्णव एवं प्रतियोगिता समन्वयक भंवर चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में करीब 100 टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच लगभग 100 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों—10 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष, 19 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक—में आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्र-छात्रा, पुरुष एवं महिला वर्गों की प्रतियोगिताएं होंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान के अंतर्गत पूरे भारतवर्ष में करीब 10 हजार कबड्डी मैच आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि युवाओं में पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि बढ़े और वे अपने सांस्कृतिक खेलों से जुड़ सकें।
प्रतियोगिता स्थल पर पाली के उन खिलाड़ियों के फोटो फ्रेम प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें सुमन देवासी (बॉक्सिंग), हीना जोशी (एथलेटिक्स), राजवीर सिंह राठौड़ (शूटिंग), विमलेश (पावर सॉफ्टबॉल), हनुमान सिंह (बेस बास्केटबॉल), कुमार बारसा (क्रिकेटर, राजस्थान रॉयल्स) शामिल हैं। यह प्रदर्शनी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 12 मैदान तैयार किए गए हैं, जबकि 60 शारीरिक शिक्षक एवं महिला शिक्षिकाएं तथा 40 कार्यकर्ताओं की टीम व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई है।
इस आयोजन में अनेक भामाशाहों का सहयोग मिल रहा है, जिनमें फगलूराम बिश्नोई, लुंबा राम बी. गहलोत, कमलेश मेवाड़ा, शैतान सिंह आउवा, नरेंद्र गोलछा, पुनीत मुथा (डिस्ट्रिक्ट क्लब सचिव) प्रमुख हैं। कार्यक्रम की तैयारियों में बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल महेंद्र सिंह राजपुरोहित, अग्राराम चौधरी (समन्वयक, जोधपुर प्रांत), प्रवीण जांगीड़, गोविंद पंवार, प्रदीप शर्मा, मांगीलाल पटेल, सोहनलाल शर्मा, राधेश्याम राजपुरोहित सहित संगठन के सभी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
इस महाआयोजन को पाली के समस्त निजी शिक्षण संस्थानों, शिक्षा विभाग, विभिन्न खेल संघों, जिला ओलंपिक संघ एवं जिला क्रीड़ा परिषद का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है।



