पाली में 11 जनवरी को माली समाज का भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत होंगे मुख्य अतिथि

पाली : लाखोटिया रोड स्थित माली समाज भवन में शुक्रवार को माली समाज शिक्षण समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 11 जनवरी को होने वाले भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर मंथन किया गया।
माली समाज पाली के अध्यक्ष रमेश सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह 11 जनवरी को प्रातः 11 बजे लाखोटिया रोड स्थित माली समाज भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाना और युवाओं को शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा, खेलकूद, सामाजिक क्षेत्र एवं सरकारी सेवाओं में चयनित होकर समाज का नाम रोशन करने वाले होनहार प्रतिभागियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इससे समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत रहेंगे। बैठक के दौरान आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां समिति सदस्यों को सौंपी गईं।
बैठक में श्याम पंवार, हरीश कच्छवाह, प्रकाश कच्छवाह, मनोज सोलंकी, भुवनेश सोलंकी, सोहन देवड़ा, नितेश पंवार, ताराचंद तंवर सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



