पाली की श्वेता चौधरी राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम में चयनित, SGFI की 69वीं प्रतियोगिता में KVS का करेंगी प्रतिनिधित्व

पाली : खेल प्रतिभाओं के लिए पहचान बना चुके केंद्रीय विद्यालय पाली की छात्रा श्वेता चौधरी ने एक बार फिर जिले को गौरवान्वित किया है। श्वेता का चयन 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद हैंडबॉल प्रतियोगिता (SGFI) के लिए हुआ है, जो 17 जनवरी से सोमनाथ (गुजरात) में आयोजित होगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में श्वेता केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एल.आर. मीणा ने बताया कि श्वेता ने पूर्व में जयपुर संभाग की टीम से खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, जिसमें टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंडर-17 छात्रा वर्ग की राष्ट्रीय टीम में किया गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले श्वेता 12 से 16 जनवरी तक पोरबंदर (गुजरात) में आयोजित होने वाले विशेष कोचिंग कैंप में भाग लेंगी, जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा हैंडबॉल की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विद्यालय के प्राचार्य एच.एल. मीणा ने श्वेता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय पाली की छात्राएं लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने बताया कि अंडर-14 छात्रा वर्ग में भी विद्यालय की चार छात्राएं—दिव्यांशी शर्मा, नेहा चौहान, अंजलि एवं आफरीन बानो—हाल ही में चित्तौड़गढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से भाग लेकर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं।
विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं खेल प्रेमियों ने श्वेता चौधरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाली जिले का नाम रोशन करेंगी।



