राजकीय विद्यालयों में औचक निरीक्षण, एडीईओ तेज सिंह पंवार ने परखी शिक्षा व पोषाहार व्यवस्था

पाली : शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जांचने के उद्देश्य से शिकायत विभाग की ओर से राजकीय विद्यालयों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) तेज सिंह पंवार ने जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीईओ पंवार ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुड़ा गंगा, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कारवाड़ा, गुंडासरी, कुंडाल, चामुंडेरी राणावतान सहित अन्य विद्यालयों का दौरा किया। उन्होंने विद्यालयों में पोषाहार योजना, शिक्षण कार्य, प्रखर राजस्थान कार्यक्रम, पुस्तकालय व्यवस्था, कार्मिक उपस्थिति पंजिका तथा विद्यालयों की समस्त शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एडीईओ पंवार ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास के महत्व को समझाया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भोपाल सिंह, रघुवीर सिंह, संजय कुमार, निशा शर्मा, माणकचंद, जितेंद्र कुमार, विनोद परिहार, सुरेश कुमार, दीपक चौहान सहित विद्यालय स्टाफ एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।



