google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली के बोमादड़ा में प्रतिभाओं का महोत्सव, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा बोले— बेटियों की सफलता समाज का गौरव

पाली : श्री मारवाड़ मेघवाल सेवा संस्थान द्वारा आयोजित तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह सोमवार को पाली जिले के बोमादड़ा गांव में भव्य रूप से संपन्न हुआ। समारोह में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से राजकीय सेवाओं में चयनित नव नियुक्त अधिकारियों व कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार एवं बैग भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि सम्मानित प्रतिभाओं में बेटियों की संख्या सर्वाधिक रही, जो समाज के उज्ज्वल भविष्य और सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने सभी बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि पाली की यह ऐतिहासिक धरती आज केवल एक सम्मान समारोह की साक्षी नहीं बन रही, बल्कि भविष्य निर्माण के उत्सव की गवाह बन रही है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

उप मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अधिकारियों और युवाओं से कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि माता-पिता के त्याग, गुरूजनों के मार्गदर्शन और समाज की उम्मीदों का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर प्रदेश व समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री बैरवा ने कहा कि जो समाज अपनी बुराइयों से नहीं लड़ सकता, वह राष्ट्र की बुराइयों से भी नहीं लड़ सकता। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा और विज्ञान के क्षेत्र में प्रगति के लिए मातृशक्ति की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए समाज को नशामुक्ति का संकल्प लेने का संदेश दिया।

समारोह में सरोज, प्रिया मेहमात, रक्षिता मेघवाल एवं रवेन्द्र परिहार को ग्रामीण गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, वहीं अन्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संत ओमदासजी महाराज, बालयोगी योगगुरु संतोषराम महाराज, प्रतापसिंह गोयल, प्रो. डी.आर. जॉनसन, मांगीलाल मकवाणा, डॉ. मनोज मेंशन, भोलाराम मोबारसा, प्रदीप वर्मा, दिनेश बामणिया सहित अनेक समाजसेवी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, नव नियुक्त कार्मिक, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक चेतना का सशक्त मंच बनकर उभरा, जिसने युवाओं में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button