सरस डेयरी से लाखोटिया उद्यान तक ज्ञान और आनंद का सफर, बालिका विद्यालय की छात्राओं ने लिया व्यावसायिक शिक्षा का जीवंत अनुभव

पाली : राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र पाली की छात्राओं ने मंगलवार को व्यावसायिक शिक्षा एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति (सरस डेयरी) एवं पाली के प्रसिद्ध लाखोटिया उद्यान का शैक्षणिक भ्रमण किया।

संस्थाप्रधान दौलाराम मेघवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने सरदार पटेल नगर स्थित सरस डेयरी का भ्रमण किया, जहां डेयरी प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें दुग्ध संग्रहण से लेकर पाश्चुरीकरण, शुद्धता परीक्षण, घी निर्माण प्रक्रिया एवं विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण की संपूर्ण जानकारी विस्तार से दी।
अधिकारियों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए डेयरी उद्योग की कार्यप्रणाली को सरल शब्दों में समझाया। भ्रमण के दौरान डेयरी चेयरमैन प्रताप सिंह, प्रबंधक मदनलाल बागड़ी, विपणन शाखा की विजयलक्ष्मी, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग भागीरथ चौधरी, राजश्री चौहान, हीर सिंह, विपेंद्र सिंह, पथ प्रभारी भरत सैन, मोहित माथुर, प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लाखोटिया उद्यान में सांस्कृतिक और मनोरंजनात्मक अनुभव
मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि द्वितीय सत्र में छात्राओं ने पाली के रमणीय स्थल लाखोटिया उद्यान का भ्रमण किया। यहां उन्होंने भगवान महादेव के दर्शन किए और झूलों एवं पारंपरिक खेलों का आनंद लिया। छात्राओं ने उद्यान परिसर एवं मंदिर की भव्यता को निहारते हुए प्रकृति और संस्कृति से जुड़ा अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित, रमेश परिहार, प्रियांशी सैनी, गुंजन कुमार, पूजा चारण, सुषमा काठात सहित विद्यालय स्टाफ एवं सहयोगी उपस्थित रहे। यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धन, कौशल विकास और मनोरंजन का समन्वित अनुभव सिद्ध हुआ।




