बांगड़ स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद महोत्सव का आगाज़, ‘माय भारत’ की पहल से युवाओं को मिला खेल और स्वास्थ्य का मंच

पाली : भारत सरकार के युवा कार्य विभाग के अधीन संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत), पाली द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़कर शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ करने और प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को बांगड़ स्टेडियम, पाली में हुआ।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उप जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह राणावत ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

माय भारत के सेवानिवृत्त निदेशक श्यामसिंह राजपुरोहित ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और स्वयंसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।
एनसीसी प्रभारी प्रो. रामेश्वर चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की, जबकि पूर्व जिला खेल अधिकारी लहरीदास वैष्णव ने खेलों के माध्यम से जीवन में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का संदेश दिया। जिला युवा अधिकारी राजेंद्र जाखड़ ने माय भारत की गतिविधियों एवं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी के उद्घाटन मैच में सुमेरपुर ब्लॉक की बसंत टीम ने मारवाड़ की राडावास टीम को पराजित किया। वहीं रस्साकशी प्रतियोगिता में अटपड़ा एवं रोहट ब्लॉक की कलाली टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिताओं में ज्योति भटनागर, प्रेमसिंह, दुर्गाराम, रावतराम, छैलसिंह, श्रवणराम, हेमंत कच्छवाह एवं मदनलाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रभारी जलेसिंह, गिरधारी लाल सैन, धर्मेन्द्र कुमार बैरवा, जिला शारीरिक संघ अध्यक्ष भंवरलाल चौधरी, कोच पूरन पटेल, भंवरसिंह राजपुरोहित सहित संबंधित अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



