google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक में मनाई गई स्वामी विवेकानंद जयंती, वक्ताओं ने बताया जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में योगदान

पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक मंगलवार को करण सिंह चाली स्थित सभागार में डॉ. रामलाल मोहबारशा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान स्वामी विवेकानंद जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई।

महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर चर्चा से हुई। इस अवसर पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का प्रारंभिक नाम नरेंद्र दत्त था तथा उनके पिता कोलकाता हाईकोर्ट के अधिवक्ता थे। शिक्षा में प्रतिभाशाली होने के बावजूद उनका झुकाव प्रारंभ से ही धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र की ओर था।

शर्मा ने बताया कि आत्मिक शांति की खोज में नरेंद्र दत्त अनेक संतों से मिले, लेकिन अंततः परमहंस रामकृष्ण के सान्निध्य में उन्हें जीवन का उद्देश्य प्राप्त हुआ। वर्ष 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में उनके ओजस्वी भाषण ने भारत की आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर स्थापित किया।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह दहिया ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायी और मार्मिक प्रसंग सुनाए तथा कहा कि गुरु की आज्ञा से विदेश जाकर उन्होंने भारतीय संस्कृति का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।

समिति सचिव दिनेश दवे ने स्वामी विवेकानंद को “युवा सम्राट” बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं कांतिलाल मुथा ने कहा कि वेलूर स्थित रामकृष्ण मिशन आज भी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है और स्वामी विवेकानंद के विचार आज की युवा पीढ़ी को निरंतर प्रेरित कर रहे हैं।

जिला अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि परमहंस रामकृष्ण एक सिद्ध संत थे, जिन्होंने ऐसे शिष्य का निर्माण किया जिसने विदेशों में भी भारतीय संस्कृति की पताका फहराई। बैठक में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत, गौतमचंद यति, विष्णु कुमार गोयल सहित अनेक सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष कृष्णचंद्र जोशी, रामजीवन तापड़िया, मदनलाल व्यास, पी.सी. शाह, ओटाराम सोलंकी, लूण सिंह राठौड़, चिमनलाल वर्मा, बिर्दीचंद मेवाड़ा, सुरेश कुमार जालोरा, प्रमोद कुमार माथुर, घीसालाल अणकियां, गणेशाराम परमार, सुनील कुमार टाक, कमल प्रकाश शर्मा, धन सिंह बड़गूजर, ज्ञान सिंह बेस सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। अंत में महामंत्री द्वारा आगंतुक सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button