पाली में राष्ट्रीय जिमनास्टिक टीम का प्रशिक्षण शिविर शुरू, कोलकाता में होने वाली 69वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी

पाली : पाली के डिस्ट्रिक्ट क्लब स्थित खेल संकुल में मंगलवार से 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता (14 वर्ष आयु वर्ग, छात्र-छात्रा) के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ।
शिविर के संयोजक एवं प्रधानाध्यापक भवानी सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप करमचंदानी, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी तेज सिंह पंवार, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) बलवीर सिंह राणावत एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र प्रसाद डाबी के आतिथ्य में किया गया।

उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में राजस्थान जिमनास्टिक टीम के कुल 18 प्रतिभावान छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जो आगामी 19 से 20 जनवरी तक साल्ट लेक सिटी, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रशिक्षण शिविर को प्रभावी और सफल बनाने के लिए छैलेंद्र सिंह राठौड़, बीकानेर से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक पर्वत सिंह, भोम सिंह, जयपाल सांखला, चंदू कुमावत एवं धर्मिष्ठा प्रजापत सहित अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम खिलाड़ियों को तकनीकी एवं शारीरिक रूप से तैयार करने में जुटी हुई है।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राजस्थान टीम राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी।



