google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली शहर के विकास को लेकर कांग्रेस का बड़ा कदम, प्रभारी मंत्री को सौंपा विस्तृत ज्ञापन, विशेष आर्थिक पैकेज की मांग

पाली : पाली शहर के समग्र विकास एवं जनसमस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री भंवर राव ने स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा का ध्यान आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल किए जाने वाले दर्जनों महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर आकर्षित किया। इस संबंध में उन्होंने एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए नगर निगम पाली के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिए जाने की पुरजोर मांग की।

भंवर राव ने प्रभारी मंत्री खर्रा से शहर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर बिंदुवार चर्चा करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और लंबित विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ज्ञापन में आगामी बजट में शहरी पट्टों एवं भूमि से जुड़े प्रकरणों के सरलीकरण, नगर निगम ऑडिटोरियम के नवीनीकरण, मिल क्षेत्र के शिवाजी नगर, प्रताप नगर सहित शहर के दर्जनों जर्जर सामुदायिक भवनों के पुनर्निर्माण की मांग रखी गई। इसके साथ ही प्रताप नगर–शिवाजी नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शिवाजी नगर उप अग्निशमन केंद्र के नवीनीकरण तथा नगर निगम की क्षतिग्रस्त संपत्तियों के पुनर्विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

शहर के सभी 65 वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़कों, नाले-नालियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए बजट प्रावधान करने की मांग के साथ-साथ पर्यटन विकास को बढ़ावा देने हेतु लाखोटिया उद्यान तालाब, मानपुरा भाकरी, महादेव बगीची और लोड़िया बांध को विकसित करने के लिए बजट स्वीकृति की मांग की गई। इसके अलावा, जनहित कार्यों के त्वरित निस्तारण हेतु एकल खिड़की (ऑनलाइन) प्रणाली लागू करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल करने का आग्रह किया गया।

प्रभारी मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए आगामी बजट में जनहितकारी प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने हेतु उचित कार्यवाही का पूर्ण भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद भरत राव, मंगलाराम मेघवाल, रामलाल रेगर, माणकचंद चौहान, कानाराम मेघवाल, घेवरचंद रेगर, मांगीलाल राव, श्रवण कुमार नायक, नरेंद्र कुमार राव सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button