पाली में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ तेज: गुरुद्वारे से दिया गया समाज को सशक्त संदेश

पाली : जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली के अंतर्गत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट द्वारा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बाल अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक डॉ. टीना अरोड़ा ने बताया कि जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री के निर्देशानुसार अभियान के द्वितीय चरण (01 से 31 जनवरी) में मंदिर, मस्जिद, चर्च एवं गुरुद्वारों जैसे धार्मिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक बाल विवाह उन्मूलन का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचे।

इसी क्रम में बुधवार को सूरजपोल चौराहा स्थित गुरुद्वारे में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई तथा उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलवाई गई।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट पाली के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेन्द्र सिंह राठौड़, काउंसलर रेणुका जोशी, सुपरवाइजर मिनाक्षी व्यास, केस वर्कर दिव्यांशी अरोड़ा एवं दर्शन सामरिया ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि बाल विवाह केवल कानूनन अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है, और इसकी रोकथाम में समाज की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।




