राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, अवैध खनन पर सख्ती, जिला कलेक्टर एलएन मंत्री

पाली : जिला कलेक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार को राजस्व प्रकरणों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा चलाए गए 15 दिवसीय ‘ऑपरेशन गुप्त’ अभियान एवं संयुक्त विभागीय कार्रवाई की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने एजेंडा बिंदुवार सभी उपखंड अधिकारियों से चर्चा करते हुए ब्लॉकवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, ग्राम सेवा सहकारी समितियों तथा अभियोजन अधिकारी कार्यालय के लिए भूमि आवंटन प्रकरणों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री कैंप, रबी गिरदावरी, नामांतरण एवं म्यूटेशन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त अवैध खनन रोकथाम अभियान, बजट घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन, राइजिंग राजस्थान की प्रगति, भू-अभिलेख शाखा, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों, ऑटो-म्यूटेशन एवं लैंड कन्वर्जन प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने विभिन्न आयोगों, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जिला सतर्कता शाखा में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही ई-फाइल प्रणाली, पीएसी पैरा एवं ड्राफ्ट पैरा से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।

इससे पूर्व जिला कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित ऑपरेशन गुप्त अभियान की प्रगति की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया और अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से अवैध खनन व भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्दु, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विकास मारवाल सहित सभी उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।



