आपदा से निपटने को प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट मोड में रहने के निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर एलएन मंत्री के निर्देशानुसार गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा ने पुलिस, चिकित्सा, नगर निगम, जलदाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपदा प्रबंधन योजना के अनुरूप आवश्यक संसाधन, उपकरण एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कंट्रोल रूम, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव दल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
बैठक में जलदाय विभाग, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग, चिकित्सा विभाग, पुलिस प्रशासन, मेडिकल कॉलेज एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



