google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

एनएसएस शिविर में “जीवन जीने की कला” पर प्रेरणादायक सत्र, युवाओं को मिला सकारात्मक जीवन का मंत्र

पाली : राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पाली में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर “जीवन जीने की कला” विषय पर प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक एवं आत्मिक संतुलन का महत्व बताया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग, पाली इकाई से पधारे प्रशिक्षक हंसराज ने स्वयंसेवकों को जीवन के उद्देश्य, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक सोच पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने श्वास-प्रश्वास, ध्यान एवं साधना की विभिन्न तकनीकों के माध्यम से मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन एवं आंतरिक ऊर्जा के विकास के उपाय बताए।

द्वितीय सत्र प्राकृतिक चिकित्सा विषय पर आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं विद्या भारती जोधपुर प्रांत के संयोजक चेतन प्रकाश सेन रहे। प्राचार्य डॉ. राजपुरोहित ने अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्य अतिथि चेतन प्रकाश सेन ने अपने उद्बोधन में प्राकृतिक जीवन पद्धति, संतुलित आहार, योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक उपचार विधियों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बिना दवाइयों के भी स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन संभव है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य मनीष लोठ द्वारा किया गया। एनएसएस समन्वयक मानवी शेखावत ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी गोमाराम एवं मंजू देवासी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button