google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मौनी अमावस्या पर सोमनाथ बस्ती में विराट हिन्दू सम्मेलन, विशाल भगवा यात्रा व सरोवर आरती ने रचा इतिहास

पाली : मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर रविवार 18 जनवरी 2026 को सोमनाथ बस्ती क्षेत्र में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल लखोटिया उद्यान एवं गऊ घाट में आयोजित इस सम्मेलन ने पूरे क्षेत्र को धर्म, आस्था और राष्ट्रभाव से सराबोर कर दिया।

सम्मेलन के प्रमुख अतिथि महंत श्री 108 सुरजन दास जी महाराज, गादीपति बड़ा खेड़ापा रामद्वारा, पाली रहे, जबकि बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन रमेश सोलंकी द्वारा किया गया। महिला संयोजक कमला सोलंकी, सहसंयोजक जयशंकर त्रिवेदी, ऋषभ सोनी एवं खंगार सिंह शेखावत ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

संयोजक रमेश सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि मौनी अमावस्या के दिन दोपहर 1 बजे सोमनाथ मंदिर से विशाल भगवा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई लखोटिया गऊ घाट स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहाँ श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के पश्चात लखोटिया महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। महिला संयोजक कमला सोलंकी के निर्देशन में महिलाओं ने भक्ति रस में डूबकर भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी अतिथियों, महिला मंडल एवं सोमनाथ बस्ती के कार्यकर्ताओं के सहयोग से भव्य सरोवर आरती का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापत ने जोशपूर्ण भाषण में भारत के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए हिन्दू जागरण में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। वहीं संत श्री सुरजन दास जी महाराज का उद्बोधन विशेष रूप से महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा।

मीडिया प्रभारी जयेश शर्मा ने कहा कि यह हिन्दू सम्मेलन मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य को जोड़ने वाला सेतु है। सम्मेलन के उपलक्ष्य में सोमनाथ बस्ती के विभिन्न मोहल्लों में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में रमेश सोलंकी माली, कमला सोलंकी, जयशंकर त्रिवेदी, ऋषभ सोनी, खंगार सिंह शेखावत सहित सोमनाथ बस्ती के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन प्रमोद परिहार द्वारा किया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button