राजकीय विधि महाविद्यालय में ‘नई किरण’ नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष व्याख्यान, विद्यार्थियों को दिया स्वस्थ व सकारात्मक जीवन का संदेश

पाली : राजकीय विधि महाविद्यालय, पाली में प्राचार्य डॉ. तपन पुरोहित की अध्यक्षता में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि समाजसेवी हरीश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग, साधना एवं ध्यान जैसी पद्धतियां नशे से दूर रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मानसिक संतुलन बनाए रखने, आत्मनियंत्रण एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

अन्य वक्ता प्रमोद ने जैन विद्या के सिद्धांतों की व्याख्या करते हुए व्यसन एवं कुव्यसन के दुष्परिणामों तथा उनके प्रभावी प्रबंधन पर प्रकाश डाला। उन्होंने आत्मसंयम, नैतिकता एवं संयमित जीवनशैली को सफलता की कुंजी बताया।
प्राचार्य डॉ. तपन पुरोहित ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न लैंडमार्क निर्णयों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए व्यक्तित्व विकास में मानसिक स्वास्थ्य की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक सशक्तिकरण, आत्मविकास एवं तनावमुक्त जीवन की दिशा में सजग रहने का संदेश दिया।
नशा मुक्ति योजना केन्द्र के प्रभारी सहायक आचार्य डॉ. आरिफ मोयल ने मंच संचालन करते हुए नशे के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सहायक आचार्य डॉ. नेमीचंद ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक आचार्य कीर्तिपाल सिंह काबावत, स्वेच्छा यादव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



