कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक समीक्षा बैठक: गणतंत्र दिवस तैयारियों से लेकर विकास योजनाओं तक एडीएम ने की सख्त समीक्षा

पाली : जिला कलक्टर एलएन मंत्री के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीएम डॉ. बजरंग सिंह ने विभागीय झांकियों के प्रदर्शन को लेकर अधिकारियों से विचार-विमर्श किया तथा झांकियों हेतु ट्रैक्टर एवं आवश्यक वाहनों की व्यवस्था परिवहन विभाग द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, लाइटिंग, माइक-स्पीकर, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, रंग-रोगन, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने किसान कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए किसान काश्तकारों को ऋण वितरण, फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति पर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत सक्रिय एवं निष्क्रिय खातों की जानकारी लेकर अधिक से अधिक खाताधारकों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

पंच गौरव योजना के अंतर्गत स्वीकृत बजट से किए जा रहे कार्यों एवं व्यय की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक निर्माण विभाग से सड़कों, अटल प्रगति पथ एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान लंबित नल कनेक्शन एवं विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र पूर्ण करने तथा फॉलो-अप शिविरों में लंबित प्रकरणों का तीन दिवस में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, गोपाल क्रेडिट कार्ड, राजस्व प्रकरणों एवं नगर निगम से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिपा, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रज्जाक अली, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिलीप परिहार सहित समस्त विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



