एनएसएस शिविर में छात्राओं को मिला सेहत और जागरूकता का मंत्र, किचन थेरेपी व नशा मुक्ति पर विशेषज्ञों की कार्यशालाएं

पाली : श्रीमती गुमान बाई पन्नालाल भंसाली राजकीय कन्या महाविद्यालय, पाली में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को समर्पित दो महत्वपूर्ण सत्रों का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत किचन थेरेपी एवं नशा मुक्ति विषय पर कार्यशालाओं का आयोजन कर छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने अतिथियों के साथ विद्या की देवी माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि एवं विशेषज्ञ वक्ता डॉ. मोतिलाल मेवाड़ा, सचिव लायंस क्लब पाली ने किचन थेरेपी की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हल्दी, अदरक, लहसुन, जीरा, धनिया, मेथी, तुलसी एवं शहद जैसे सामान्य घरेलू पदार्थ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन सुधारने एवं तनाव कम करने में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और पारंपरिक ज्ञान के महत्व को रेखांकित करते हुए महाप्राणायाम एवं लॉफिंग थेरेपी के वैज्ञानिक लाभ भी बताए। साथ ही उन्होंने डमी के माध्यम से छात्राओं को सीपीआर (CPR) देने की प्रक्रिया समझाकर आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक उपायों की जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में भूपेंद्र कुमार बोस, नर्सिंग अनुशिक्षक एएनएम टीसी पाली ने नशे की लत के कारणों, दुष्प्रभावों एवं इससे मुक्ति के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि नशे से पीड़ित व्यक्ति उपचार हेतु एटीएफ सेंटर, कक्ष संख्या 100, बांगड़ अस्पताल, पाली में संपर्क कर सकते हैं।
नई किरण नशा मुक्ति केंद्र – कन्या महाविद्यालय के प्रभारी प्रो. राकेश मीणा के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं द्वारा नशाखोरी के दुष्प्रभावों पर प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया तथा उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
अंत में प्राचार्य डॉ. विनीता कोका ने छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं रसोई आधारित प्राकृतिक उपचारों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप राखेचा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मुकेश पाणेचा ने किया। इस अवसर पर लायंस क्लब पाली के अध्यक्ष रमेश दुसाद, क्लब के अन्य सदस्य, महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



