पाली : ग्राम पंचायत हेमावास में जनसुनवाई, कलेक्टर ने सुनी जनसमस्याएं

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार हर माह के प्रथम गुरुवार को आयोजित होने वाली ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन इस बार ग्राम पंचायत हेमावास में किया गया। जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में हुई इस जनसुनवाई में आमजन की विभिन्न समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान कुल 27 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं थीं। अधिकतर मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्मिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



